पाली और पोड़ी-उपरोड़ा में बीज वितरण,फसल प्रदर्शन के लिए भी मिलेंगे बीज और कृषि आदान
कोरबा।जिले में रबी वर्ष 2026-27 के दौरान तिलहन फसलों का रकबा दोगुना करने के लिए कृषि विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कृषि विभाग, कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और किसानों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 18 अक्टूबर को आयोजित बैठक में तिलहन खेती के विस्तार की समीक्षा करते हुए किसानों को सरसों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
पाली और पोड़ी-उपरोड़ा में 2 हजार हेक्टेयर का लक्ष्य
राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (एनएमईओ-ओएस) के बीज वितरण घटक के तहत विकासखंड पाली में 1,000 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए 50 क्विंटल सरसों बीज वितरित किया जाएगा।
इसी तरह पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड में भी 1,000 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए 50 क्विंटल सरसों बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इस तरह दोनों विकासखंडों में कुल 2,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सरसों की खेती को बढ़ावा देने की योजना है।
योजना के फसल प्रदर्शन घटक के अंतर्गत पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड में 300 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए 15 क्विंटल सरसों बीज दिया जाएगा। इस प्रदर्शन के तहत किसानों को बीज के साथ खेती के लिए आवश्यक अन्य कृषि आदान सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे सरसों उत्पादन की तकनीक और संभावनाओं को समझ सकें।
डीएमएफ से भी मिलेगा सरसों बीज
तिलहन फसलों का क्षेत्र बढ़ाने के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से भी सरसों बीज वितरण की योजना बनाई गई है। इसके तहत जिले में कुल 2,000 हेक्टेयर क्षेत्र में तिलहन खेती के विस्तार के लिए बीज वितरित किया जाएगा।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने एफपीओ को अधिक से अधिक किसानों को तिलहन उत्पादन से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने किसानों को उनकी उपज के प्रसंस्करण की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तेल मिल स्थापित करने के लिए आर्थिक सहयोग का आश्वासन भी दिया।
किसानों को जागरूक करने पर जोर
उप संचालक कृषि डी.पी.एस. कंवर ने विभागीय अधिकारियों को तिलहन फसलों की खेती के संबंध में किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने और उन्हें आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से रबी मौसम में सरसों सहित अन्य तिलहन फसलों की खेती अपनाने की अपील की।
कृषि विभाग का लक्ष्य जिले में तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ किसानों को वैकल्पिक फसलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। इसके लिए बीज वितरण, फसल प्रदर्शन और एफपीओ के माध्यम से किसानों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















