कोरबा। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) पेपर लीक सहित शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सोमवार को नेताजी चौक (सुभाष चौक) पर युवाओं और विद्यार्थियों ने एक दिवसीय धरना एवं अनशन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व अधिवक्ता अब्दुल नफीस खान ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रतिभागियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
अधिवक्ता अब्दुल नफीस खान ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक द्वारा उठाए जा रहे मुद्दे केवल किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देशभर के युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वास कायम नहीं किया गया तो मेहनत करने वाले लाखों विद्यार्थियों के साथ न्याय नहीं हो सकेगा।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

