नवनिर्मित राधाकृष्ण धाम में विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा

कोरबा-पाली। पाली नगर के नवनिर्मित श्री राधाकृष्ण धाम में भगवान श्री राधाकृष्ण, जगन्नाथ महाप्रभु एवं भगवान श्री गणेश के विग्रहों की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई। तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया।

प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में सांसद प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा एवं उनकी धर्मपत्नी अनामिका मिश्रा यजमान रहे।

वैदिक अनुष्ठान आचार्य पं. अभिनव शुक्ला, पं. संजय कृष्णा द्विवेदी, पं. वासुदेव पाण्डेय, पं. कृष्णा तिवारी, पं. विवेकानंद पण्डा एवं सी.डी. वैष्णव के सान्निध्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान कलश यात्रा, विभिन्न अधिवास और वैदिक पूजन की सभी धार्मिक विधियां संपन्न कराई गईं।

धार्मिक आयोजन में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, नगर पंचायत पाली के अध्यक्ष अजय जायसवाल, नगर पालिका कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

तीन दिनों तक चले इस धार्मिक महोत्सव से पूरा पाली नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में सहभागिता निभाई और महाप्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं के सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।