बीएड प्रशिक्षुओं को शिक्षक की भूमिका और अनुशासन समझना होगा : डॉ. प्रशांत बोपापुरकर

कोरबा। कमला नेहरू महाविद्यालय (केएन कॉलेज) के शिक्षा संकाय में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा बिगनर्स कोर्स के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने बीएड के छात्र-छात्राओं को एक सफल शिक्षक बनने के लिए आवश्यक गुणों और दायित्वों पर मार्गदर्शन दिया।

शिक्षा संकाय के सभाकक्ष में आयोजित सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. बोपापुरकर ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि समाज और भावी पीढ़ी का मार्गदर्शक होता है। इसलिए प्रत्येक प्रशिक्षु के भीतर अनुशासन, जिम्मेदारी और समाज के हर वर्ग के प्रति संवेदनशीलता का भाव होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यही गुण एक आदर्श शिक्षक की पहचान बनते हैं।

कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की गाइड कैप्टन श्रीमती गणेशी सोनकर ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए स्काउट-गाइड गतिविधियों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर उन्होंने प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर एवं शिक्षा संकाय की प्रभारी विभागाध्यक्ष डॉ. भारती कुलदीप का सम्मान भी किया।

कार्यक्रम में डीओसी उत्तरा मानिकपुरी, डीओसी डिगम्बर कौशिक, सनराइज स्कूल की प्राचार्य पूर्णिमा भट्टाचार्य, शिक्षा संकाय की प्राध्यापक डॉ. रश्मि शुक्ला, अनिता यादव, राकेश गौतम, नितेश यादव सहित बीएड द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में भावी शिक्षकों को नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व से भी अवगत कराया गया।