आर्यन अग्रवाल बने हेड बॉय, हर्षिता बागले चुनी गईं हेड गर्ल, पद एवं गोपनीयता की दिलाई गई शपथ
कोरबा। न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, कोरबा में सोमवार को सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद के अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट एल. गौतम रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
कार्यक्रम में नवगठित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें बैज और सैश पहनाकर सम्मानित किया गया। इस वर्ष कक्षा 12वीं-ए के आर्यन अग्रवाल को हेड बॉय और हर्षिता बागले को हेड गर्ल चुना गया। छात्र परिषद के विभिन्न पदों पर कुल 78 विद्यार्थियों ने जिम्मेदारी संभाली।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करने तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि एल. गौतम ने विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन, ईमानदारी और उत्तरदायित्व की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के चेयरमैन किशोर कुमार साहू ने कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी का प्रतीक है। वहीं डायरेक्टर दिलीप कुमार साहू ने विद्यार्थियों से टीम भावना, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व प्राचार्य डी.एस. राव ने नव-निर्वाचित छात्र परिषद को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।कार्यक्रम में उप-प्राचार्या कीर्ति हरित,अकादमिक डीन ऋतेश राय,हेड मास्टर जगजीत सिंह भट्टी, शिक्षकगण एवं विद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

