साहू कल्याण संघ की नई कार्यकारिणी को मंत्री देवांगन ने दिलाई शपथ

कोरबा। नगर साहू कल्याण संघ, कोरबा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह जूनियर क्लब, सीएसईबी कॉलोनी में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और समाज हित में समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गिरधारी लाल साहू ने की। समारोह में महापौर संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, लोक अभियोजक राजेंद्र साहू, अधिवक्ता दिनेश कुमार साहू, संतु साहू, धनीराम साहू, गजानंद साहू सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना, आरती एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार साहू ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

नई कार्यकारिणी में बालाराम साहू अध्यक्ष, बद्री प्रसाद साहू उपाध्यक्ष, दयाशंकर साहू सचिव, मुंगराम साहू कोषाध्यक्ष तथा अमोली राम साहू, शिवचरण साहू और मदन गोपाल साहू सदस्य निर्वाचित हुए। अध्यक्ष बालाराम साहू ने मनोनीत पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी प्रमाण-पत्र वितरित किए।

मुख्य अतिथि मंत्री लखनलाल देवांगन ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज की एकजुटता, शिक्षा और सामाजिक विकास के लिए संगठित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता रविन्द्र कुमार साहू ने किया, जबकि अंत में अध्यक्ष बालाराम साहू ने सभी अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।