डी.एस. राव सेवानिवृत्त, कीर्ति हरित संभालेगी प्राचार्य का दायित्व

कोरबा। न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, कोरबा के प्राचार्य डी.एस. राव 16 वर्षों की उल्लेखनीय सेवाओं के बाद सेवानिवृत्त हो गए। उनके स्थान पर विद्यालय की उप-प्राचार्य श्रीमती कीर्ति हरित को नया प्राचार्य नियुक्त किया गया है।

अपने कार्यकाल के दौरान डी.एस. राव ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने शिक्षा और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। विद्यालय परिवार ने उनके समर्पण, दूरदर्शिता और योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भावभीनी विदाई दी।

नई प्राचार्य श्रीमती कीर्ति हरित अपने प्रशासनिक अनुभव, शैक्षणिक दक्षता और प्रभावी नेतृत्व क्षमता के लिए जानी जाती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में विद्यालय उत्कृष्ट शिक्षा और गुणवत्ता की परंपरा को आगे बढ़ाएगा।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन किशोर कुमार साहू, डायरेक्टर दिलीप कुमार साहू, नई प्राचार्य कीर्ति हरित, अकादमिक डीन ऋतेश राय, हेड मास्टर जगजीत सिंह भट्टी सहित समस्त शिक्षक एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों ने डी.एस. राव के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।