कोरबा। कोयलांचल दीपका क्षेत्र में स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर बिजली वितरण कार्यालय पहुंचकर कार्यपालन अभियंता के नाम सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा और उपभोक्ताओं की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि दीपका नगर पालिका क्षेत्र में लंबे समय से बिजली व्यवस्था अव्यवस्थित बनी हुई है। कई इलाकों में ट्रांसफार्मर और विद्युत पोल की कमी है, जबकि वार्डों में नीचे लटकते बिजली के तार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। लाइनमैनों की कमी और लगातार बिजली कटौती से आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद अधिकांश उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में काफी अधिक आ रहे हैं। उन्होंने स्मार्ट मीटर की रीडिंग की निष्पक्ष जांच कर गलत बिलों में सुधार करने तथा उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिलीप सिंह ने कहा कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं की शिकायतों का गंभीरता से निराकरण करे, अनियमितताओं पर रोक लगाए और नए बिजली कनेक्शन समय पर उपलब्ध कराए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, तनवीर अहमद, रजनीश तिवारी, सूरज दास मानिकपुरी, विशाल शुक्ला, रामकुमार कंवर, हर्षित देवी, केदार सिंह, अविनाश यादव, कमलेश जायसवाल, रामजय सिंह, आकाश साहू, कुलदीप तिवारी, हरिनारायण यादव, भरत मिश्रा, तारकेश्वर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

