लेमरू के सांचर नाला में हादसा, उफनते नाले में बाइक समेत बहा युवक, 12 घंटे बाद मिला शव

कोरबा। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र में उफनते सांचर नाला को बाइक से पार करने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। तेज बहाव में बाइक समेत बह गए युवक का शव करीब 12 घंटे बाद घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, वनांचल ग्राम नकिया निवासी 28 वर्षीय राहुल कुमार मंझवार सोमवार को अपने साथी बुधराम मंझवार के साथ घरेलू कार्य से कोरबा शहर आया था। देर शाम दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। लगातार बारिश के कारण गांव से करीब तीन किलोमीटर पहले स्थित सांचर नाला उफान पर था और पानी का बहाव काफी तेज था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाला पार करते समय खतरे को भांपकर बुधराम बाइक से उतर गया, लेकिन राहुल ने बाइक के साथ नाला पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज बहाव में वह बाइक समेत बह गया। बुधराम किसी तरह अपनी जान बचाकर गांव पहुंचा और परिजनों तथा पुलिस को घटना की सूचना दी।

रात में अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य शुरू नहीं किया जा सका। मंगलवार सुबह पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और बचाव दल ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। कई घंटे की तलाश के बाद राहुल का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नाला में बरामद हुआ।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने बारिश के दौरान उफनते नालों को पार नहीं करने की अपील की है।