18 दिन से लापता नवविवाहिता का नहीं मिला सुराग, मेडिकल जॉइनिंग से पहले हुई रहस्यमय ढंग से गायब

कोरबा।उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलकेजा से एक 24 वर्षीय नवविवाहिता रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना को 18 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस गुमशुदगी का मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

लापता युवती की पहचान संजना कैवर्त (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो 3 जुलाई 2026 से लापता है। उसके पति सूरज कैवर्त ने बताया कि वह जेसीबी चालक है और दोनों की शादी करीब एक वर्ष दो माह पहले हुई थी। संजना पढ़ाई जारी रखना चाहती थी, जिसके लिए उसे रायपुर में मेडिकल की पढ़ाई कराई गई।

परिजनों के अनुसार, पढ़ाई पूरी करने के बाद संजना को 6 जुलाई से कोरबा के एक निजी अस्पताल में ऑर्थो असिस्टेंट के पद पर जॉइन करना था। इसी सिलसिले में वह अपने शैक्षणिक एवं मेडिकल दस्तावेज पोस्ट करने चांपा पोस्ट ऑफिस गई थी। 3 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे पति से उसकी आखिरी बार फोन पर बात हुई। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद है और उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया।

घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने उरगा थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की है। संजना की तलाश उसके मायके, रिश्तेदारों, मित्रों के अलावा कोरबा, जांजगीर, बिलासपुर और रायपुर के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य संभावित स्थानों पर की गई, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।

पति सूरज कैवर्त का कहना है कि संजना नौकरी को लेकर काफी उत्साहित थी। उसे आशंका है कि वह किसी के बहकावे में आ गई हो।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं पर पुलिस काम कर रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को संजना कैवर्त के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाना या उरगा पुलिस को सूचित करें।