स्कूल में फिर भरा बारिश का पानी, आरईएस के निर्देश बेअसर;तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो चक्काजाम की चेतावनी

कोरबा। ग्राम चाकाबुड़ा स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला परिसर में वर्षों से बनी हुई जलभराव की समस्या एक बार फिर सामने आ गई है। हालिया बारिश के बाद विद्यालय परिसर और कक्षाओं में पानी भर जाने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मामले को लेकर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने जिला प्रशासन और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

राजेश यादव ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए पूर्व में जिला प्रशासन को आवेदन दिया गया था। इसके बाद ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग, कोरबा ने 8 जुलाई 2026 को पत्र जारी कर संबंधित अधिकारियों को दो दिनों के भीतर स्थल निरीक्षण, तकनीकी प्रतिवेदन, प्राक्कलन तैयार कर स्थायी समाधान का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

बावजूद इसके आज तक जल निकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि बारिश के बाद एक बार फिर स्कूल परिसर में पानी भर गया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं। यह स्थिति विभागीय लापरवाही को उजागर करती है।

राजेश यादव ने जिला प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय का तत्काल पुनः निरीक्षण कराया जाए, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पूर्व में जारी निर्देशों का पालन नहीं करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि बरसात समाप्त होने का इंतजार किए बिना आपातकालीन राहत एवं निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मुख्य सड़क पर लोकतांत्रिक तरीके से चक्काजाम और जनआंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।

राजेश यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य और सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और भाजपा जनहित के इस मुद्दे पर जनता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।