KORBA: आधी रात 2 लाख की लूट का खुलासा, फरार दो हमनाम आरोपी गिरफ्तार,सरेंडर की भी चर्चा

मानिकपुर सहायता केंद्र क्षेत्र में हुई वारदात के बाद पुलिस की लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण से मिली सफलता, दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

कोरबा। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत फरार एवं वांछित आरोपियों की धरपकड़ में जुटी कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली के मानिकपुर सहायता केंद्र क्षेत्र में वर्ष 2025 में हुई करीब 2 लाख रुपये की लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 की रात करीब 2:30 बजे ददरखुर्द क्षेत्र में प्रार्थी दीपक ठाकुर के साथ मारपीट कर बदमाशों ने करीब 20-22 ग्राम सोने की चेन और 70 हजार रुपये नकद सहित लगभग 2 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली थी। मामले में मानिकपुर सहायता केंद्र में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

इस प्रकरण में पहले ही एक आरोपी के खिलाफ चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका था, जबकि दो आरोपी घटना के बाद से फरार थे। उनकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। साथ ही मुखबिर तंत्र, तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के जरिए आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों का पता लगाकर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों हमनाम आरोपियों सोमनाथ उर्फ सोमू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में दूसरी चर्चा भी चल रही है। सूत्रों के हवाले से यह भी बताया जा रहा है कि लंबे समय से फरार दोनों आरोपियों ने मानिकपुर चौकी में सरेंडर किया था, जिसके बाद पुलिस ने औपचारिक गिरफ्तारी दिखाते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।