सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए छात्राओं को किया जागरूक, जल्द होगा एचपीवी टीकाकरण

कोरबा। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव एवं एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। आयोजित कार्यशाला में किशोरावस्था की बालिकाओं को इस गंभीर बीमारी के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

विद्यालय के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि एचपीवी वायरस सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर का प्रमुख कारण है। इससे बचाव के लिए 14 से 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को समय पर एचपीवी वैक्सीन लगवाना सबसे अधिक प्रभावी माना जाता है।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है तथा भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

प्राचार्य ने छात्राओं से बिना किसी भय या भ्रम के टीकाकरण कराने की अपील करते हुए कहा कि जागरूकता और समय पर टीकाकरण ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

कार्यशाला में विद्यालय की शिक्षिकाएं रुखमणि पूरैना, दिव्या कुजूर, मेलन कंवर, पुष्पा कुमारी, रमाकांत कुसरो सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।