कलेक्टर जनदर्शन में 109 आवेदन, चावल की कालाबाजारी से लेकर पीएम आवास तक की शिकायतें

कोरबा। जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में सोमवार को बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी आवेदकों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध जांच कर उचित कार्रवाई एवं निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में कुल 109 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, स्कूलों में मानदेय शिक्षकों की भर्ती, भूमि सीमांकन, राशन कार्ड, बैटरी ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने, हैंडपंप स्थापना, अधिक बिजली बिल, वनाधिकार पट्टा, अतिक्रमण हटाने तथा ग्राम बारी उमराव की जर्जर प्रधानमंत्री सड़क के मरम्मत कार्य जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं।

इसके अलावा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के दुकानदारों और राइस मिलर्स द्वारा चावल की कथित कालाबाजारी से संबंधित शिकायतें भी जनदर्शन में सामने आईं। कलेक्टर ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा।