राताखार मार्ग पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट मे आया बाइक सवार, मौके पर मौत

करीब एक घंटे तक लगा जाम, चालक फरार; भारी वाहनों की रफ्तार पर फिर उठे सवाल

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के सर्वमंगला-राताखार मुख्य मार्ग पर रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक एक बिजली परियोजना में कार्यरत था और ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान राताखार क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की जेब से डीएसपीएम प्लांट का गेट पास मिला, जिसमें हरियर दास, पिता इतवारी दास, निवासी बिरदा (कोरबा) का नाम दर्ज है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी और पहचान की औपचारिकताओं के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।

हादसे के कारण सर्वमंगला-राताखार मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से यातायात को संचालित कर स्थिति को सामान्य किया।

स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताते हुए स्पीड ब्रेकर, नियमित ट्रैफिक निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ रही परेशानी
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में शाम 5 बजे के बाद भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होने के बावजूद रात के समय स्टेडियम क्षेत्र, ट्रांसपोर्ट नगर चौक, एसईसीएल मार्ग और रिकाडो मार्ग पर कोयला एवं राखड़ से लदे ट्रेलरों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। इससे रोजाना जाम की स्थिति बनती है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।