सोनम वांगचुक के समर्थन में अधिवक्ता अब्दुल नफीस खान का  अनशन कल

कोरबा।शिक्षा व्यवस्था में सुधार, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित के मुद्दों को लेकर अधिवक्ता अब्दुल नफीस खान के नेतृत्व में 20 जुलाई को कोरबा में एक दिवसीय शांतिपूर्ण अनशन आयोजित किया जाएगा। यह अनशन सुभाष चौक, निहारिका में सुबह 9 बजे से शुरू होगा और समाजसेवी सोनम वांगचुक के आंदोलन के समर्थन में किया जाएगा।

अब्दुल नफीस खान ने बताया कि सोनम वांगचुक जिन मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, वे केवल किसी एक व्यक्ति से जुड़े नहीं हैं, बल्कि पूरे देश के छात्रों और नागरिकों के हित से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर नीट में पेपर लीक और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार, छात्रों के भविष्य की सुरक्षा, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही, साथ ही लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची के तहत संरक्षण और वहां के पर्यावरण व प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर यह आंदोलन चल रहा है।

उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक ने देशवासियों से 20 जुलाई को उनके आंदोलन के समर्थन में एकजुट होने की अपील की थी, लेकिन उन्हें बलपूर्वक अस्पताल ले जाया गया। ऐसे में लोकतांत्रिक तरीके से उनके समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करना आवश्यक है।

अधिवक्ता नफीस ने कहा कि हर नागरिक दिल्ली जाकर आंदोलन में शामिल नहीं हो सकता, लेकिन अपने शहर में रहकर लोकतांत्रिक और जनहित के मुद्दों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी भागीदारी जरूर निभा सकता है।

इसी उद्देश्य से वे अपने साथियों के साथ संविधानसम्मत और शांतिपूर्ण अनशन पर बैठेंगे।