कोरबा-बरपाली। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-149बी (कोरबा-चांपा फोरलेन) के बरपाली सर्विस रोड की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) टोल टैक्स वसूली तक ही सीमित है, जबकि सर्विस रोड की मरम्मत और रखरखाव को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। उखड़ी सड़क और गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए हादसों का कारण बनते जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, फोरलेन सड़क का निर्माण लगभग डेढ़ वर्ष पहले पूरा हुआ था और पचपेड़ी टोल प्लाजा से करीब एक वर्ष से टोल वसूली की जा रही है। इसके बावजूद बरपाली सर्विस रोड की हालत लगातार खराब होती जा रही है। एक ओर भूमि विवाद के कारण सड़क का एक हिस्सा अब तक डामरीकृत नहीं हो सका है, वहीं जहां डामरीकरण हुआ था, वह भी उखड़कर गड्ढों में तब्दील हो चुका है।
मुख्य मार्ग से बरपाली, सलिहाभांठा, तुमान और सक्ती की ओर जाने वाले लोगों को सर्विस रोड पर लगभग 100 मीटर आगे बढ़ते ही जर्जर सड़क और गहरे गड्ढों का सामना करना पड़ता है। बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक खतरनाक हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन निर्माण के साथ सर्विस रोड के रखरखाव का भी प्रावधान है, लेकिन NHAI इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। वहीं जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी ग्रामीणों में नाराजगी का कारण बन रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सर्विस रोड की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने NHAI से तत्काल सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

