नर्मदा गांव में पशु वध की सूचना पर हंगामा,एक संदिग्ध हिरासत में; गांव में पुलिस बल तैनात

बजरंग दल और ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग, पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत वनांचल ग्राम पंचायत अजगरबहार के नर्मदा गांव में कथित गोहत्या की सूचना के बाद रविवार सुबह क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात गांव में कथित रूप से गोवंश को काटे जाने की घटना हुई। रविवार सुबह इसकी सूचना फैलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों का दावा है कि मौके पर गोवंश का सिर, खाल और मांस के अवशेष मिले हैं, जिसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया।

सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

अधिकारियों के अनुसार मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद नर्मदा गांव और आसपास के क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।