काशीनगर में निगम की कार्रवाई के बाद बढ़ा तनाव, निगम आयुक्त के खिलाफ भी अभद्र टिप्पणी का आरोप
कोरबा। नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद काशीनगर बस्ती में विवाद गहरा गया है। कार्रवाई से प्रभावित कुछ लोगों पर एक परिवार के घर पहुंचकर गाली-गलौज, मारपीट की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना रामपुर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुराना काशीनगर वार्ड क्रमांक-24 निवासी शत्रुघ्न राठौर ने शिकायत दर्ज कराई है कि 15 जुलाई को नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दल ने क्षेत्र में अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की थी। इसके बाद मोहल्ले में तनाव का माहौल बन गया।

शिकायत में बताया गया है कि 17 जुलाई की सुबह शत्रुघ्न राठौर की अनुपस्थिति में किरण देवांगन, अरुण देवांगन और शांताबाई देवांगन उनके घर पहुंचे और उनकी पत्नी से गाली-गलौज करते हुए आरोप लगाया कि उनके पति और शिवनारायण सिंह ने ही उनका मकान तुड़वाया है। विरोध करने पर मारपीट का प्रयास किया गया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने उनके बच्चे को ट्यूशन जाते समय रास्ते से उठाकर जान से मारने की भी धमकी दी। इसी दौरान नगर निगम आयुक्त के खिलाफ भी अभद्र भाषा और अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।
घटना के बाद परिवार दहशत में है और बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की गई है। मामले में सिविल लाइन थाना रामपुर पुलिस ने शत्रुघ्न राठौर की शिकायत पर किरण देवांगन, अरुण देवांगन एवं शांताबाई देवांगन के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















