वन विभाग की कार्रवाई, रायपुर के अभनपुर स्थित आरा मिल सील; सरकारी डिपो की बजाय बाहर भेजी गई थी लकड़ी
कोरबा। सीएसईबी कॉलोनी रामपुर में पेड़ों की कटाई के दौरान करीब दो लाख रुपये मूल्य की लकड़ी की चोरी का मामला सामने आया है। कटाई का जिम्मा संभाल रहे लेबर वेंडर पर लकड़ियों को बिना अनुमति सरकारी डिपो में जमा कराने के बजाय चोरी-छिपे रायपुर जिले के अभनपुर स्थित आरा मिल भेजने का आरोप है। वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांता सिंह कंवर ने बताया कि 14 जुलाई को कार्यपालन अभियंता तारामणी तिग्गा से सूचना मिली कि जूनियर क्लब, सीएसईबी कॉलोनी के पास काटे गए सात पेड़ों के लट्ठे एक वाहन में लोड किए जा रहे हैं।
मौके पर पहुंचने तक वाहन जा चुका था। जांच में पता चला कि लकड़ियां बिना अनुमति अभनपुर भेज दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार, सीएसईबी कॉलोनी के राजस्व क्षेत्र में 207 पेड़ों की कटाई की अनुमति सक्षम अधिकारी से प्राप्त हुई थी। शुरुआती सात पेड़ों की कटाई के बाद शेष कार्य के लिए सुनील कुमार गुप्ता को लेबर वेंडर नियुक्त किया गया था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि लकड़ियों को अपने वाहन से अभनपुर भेजा गया।
वन विभाग की रिपोर्ट पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार गुप्ता निवासी पुराना बस स्टैंड, कोरबा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
अभनपुर में दबिश, आरा मिल सील
मामले की जांच के दौरान वन विभाग की टीम ने रायपुर जिले के अभनपुर स्थित एक आरा मिल में दबिश देकर चोरी की लकड़ियां बरामद कर लीं। कार्रवाई के दौरान संबंधित आरा मिल को भी सील कर दिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार कटाई के बाद प्राप्त समस्त लकड़ी को विभाग के अधिकृत डिपो में जमा कराना अनिवार्य होता है, लेकिन आरोपी ने नियमों का उल्लंघन करते हुए लकड़ी को सीधे निजी आरा मिल भेज दिया। मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















