‘रन फॉर ग्रीन’ बना जनआंदोलन, हजारों कदमों ने दिया हरित कोरबा का संदेश

एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन, किरण पिस्दा ने बढ़ाया उत्साह, विजेताओं को किया गया सम्मानित

कोरबा। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत शनिवार को ‘रन फॉर ग्रीन’ मैराथन का आयोजन किया गया। घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम से शुरू हुई करीब पांच किलोमीटर लंबी मैराथन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हरित कोरबा का संदेश दिया।

मैराथन को महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

दौड़ के समापन के बाद प्रतिभागियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जुम्बा सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भारतीय महिला फुटबॉल टीम की खिलाड़ी एवं खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की विजेता टीम की कप्तान किरण पिस्दा रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि औद्योगिक और खनन क्षेत्र होने के कारण कोरबा में पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

महापौर संजू देवी राजपूत ने इसे प्रकृति और मातृत्व के सम्मान का अभियान बताते हुए पौधों के संरक्षण पर जोर दिया।

वहीं निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने नागरिकों से पौधरोपण के साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल में भी सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, जेसीआई, लायंस क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और जिले के शैक्षणिक संस्थानों के 200 से अधिक माय भारत यूथ वॉलेंटियर्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

महिला वर्ग में नेहा साहू प्रथम
मैराथन की महिला वर्ग प्रतियोगिता में नेहा साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 10 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। अनंता रूपदास द्वितीय और शीतल कौशल तृतीय स्थान पर रहीं।


पुरुष वर्ग में मनीष कुमार अव्वल
पुरुष वर्ग में मनीष कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। अनुराग श्रीवास द्वितीय और निखिल बरेठ तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।