स्ट्रीट लाइट, सिटी बस और बदहाल सड़कों का मुद्दा उठा, नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री को बताई समस्याएं

कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में बिजली, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और सिटी बस जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर आम नागरिक लगातार परेशान हैं।

कृपाराम साहू ने कहा कि जिले की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है और निगम क्षेत्र में जलापूर्ति भी नियमित नहीं हो पा रही है। बालको, रूमगरा मार्ग सहित शहर की कई प्रमुख सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। बरसात के मौसम में अनेक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट बंद रहने से लोगों को रात के समय आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्षों से शहरवासी सिटी बस सेवा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक यह सुविधा शुरू नहीं हो सकी है। वहीं, साफ-सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद बालको, दर्री, कुसमुंडा सहित शहर के कई वार्डों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि महापौर द्वारा नगर निगम के 67 वार्डों में 537 करोड़ रुपये की लागत से 534 विकास कार्यों की जानकारी दी गई, लेकिन इन कार्यों का विस्तृत ब्यौरा सार्वजनिक नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि सभी विकास कार्यों की पारदर्शी जानकारी जनता के सामने रखी जाए।

कृपाराम साहू ने बताया कि बालको नगर क्षेत्र की सड़कों, सामुदायिक भवनों, सार्वजनिक मंचों और तालाबों की दुर्दशा को लेकर भी लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने नगर निगम से इन समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाने और शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।