लगातार बारिश से हसदेव बैराज पर बढ़ा दबाव, 12 गेट खोलकर छोड़ा जा रहा 15,430 क्यूसेक पानी

कोरबा। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते हसदेव बैराज पर जल दबाव बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए जल संसाधन विभाग ने बैराज के गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी है। शनिवार सुबह 8 बजे की स्थिति के अनुसार बैराज का जलस्तर 941.40 फीट दर्ज किया गया।

जल संसाधन विभाग के अनुसार हसदेव बैराज के 14 में से 12 गेट 10-10 फीट तक खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।

बैराज से कुल 15,430 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है, ताकि जलस्तर नियंत्रित रहे और संभावित बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि दाहिनी मुख्य नहर में 530.95 क्यूसेक तथा बाईं मुख्य नहर में 1,818.60 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बैराज और नहरों के माध्यम से जल निकासी की पूरी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

हालांकि शनिवार सुबह तक बैराज क्षेत्र में नई वर्षा दर्ज नहीं हुई, लेकिन चालू मानसून सत्र में अब तक 548.20 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। लगातार बारिश को देखते हुए जल संसाधन विभाग पूरी तरह सतर्क है और जलस्तर की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

विभाग ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और निचले इलाकों के निवासियों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से नदी के करीब नहीं जाने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।