बिजली गुल होने से पेयजल संकट गहराया, हाथियों की मौजूदगी के बीच ग्रामीणों में दहशत; जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की मांग
कोरबा। कोरबा विकासखंड के ग्राम पंचायत चिर्रा स्थित विद्युत सबस्टेशन का पावर ट्रांसफार्मर पिछले लगभग 10 दिनों से खराब पड़ा है। इसके कारण चिर्रा से श्यांग तक के 8 से 10 गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
लगातार बिजली नहीं मिलने से ग्रामीणों को अंधेरे के साथ-साथ पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार यह क्षेत्र वनांचल में स्थित है, जहां हाथियों सहित अन्य जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। रात के समय बिजली नहीं होने से लोगों में भय का माहौल है और बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से बोरवेल और नल-जल योजनाएं भी बंद पड़ी हैं, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
जनपद सदस्य एवं ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन हर बार एक-दो दिन में नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया। करीब 10 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

