आत्मानंद स्कूल पंप हाउस में यातायात जागरूकता अभियान, रैली निकालकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

कोरबा। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से आत्मानंद स्कूल, पंप हाउस में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने रैली निकालकर आसपास की कॉलोनी में लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी एवं डीएसपी डी.के. सिंह के निर्देशन में एएसआई मनोज राठौर एवं उनकी टीम द्वारा चलाया गया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा ट्रैफिक संकेतों का सम्मान करने की अपील की।

एएसआई मनोज राठौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन, शिक्षकगण, पुलिस टीम तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता निभाई। जागरूकता रैली के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया।