एसईसीएल की नई पहल: 19 महिला कर्मचारी बनेंगी एचईएमएम ऑपरेटर

गेवरा परियोजना में एचईएमएम संचालन का विशेष प्रशिक्षण, डंपर और शॉवेल चलाने की सीख रहीं महिलाएं

कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहल करते हुए पहली बार महिला कर्मचारियों को हेवी अर्थ मूविंग मशीन (एचईएमएम) ऑपरेटर बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण शुरू किया है। इस पहल के तहत अब महिलाएं भी कोयला खदानों में डंपर, शॉवेल और अन्य भारी मशीनों का संचालन करती नजर आएंगी।

एसईसीएल के सीएमडी हरिश दुहन की पहल पर शुरू किए गए इस कार्यक्रम के अंतर्गत कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 19 महिला कर्मचारियों को 6 से 18 जुलाई तक गेवरा परियोजना के ओबी फेस में 12 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को डंपर, शॉवेल और अन्य भारी मशीनों के सुरक्षित एवं तकनीकी संचालन की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। अनुभवी ऑपरेटर उन्हें मशीन संचालन, सुरक्षा मानकों, तकनीकी दक्षता तथा खदान में कार्य करने की व्यावहारिक जानकारी दे रहे हैं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इन महिलाओं को खदानों में मशीन संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं धनेश्वरी कंवर, हेमलता कंवर, करिना कंवर, सोनिका कश्यप, कमलेश यादव, पूर्णिमा कंवर, सौम्या सिंह, रोशनी देवी, आशा सोनी, अन्नपूर्णा चंद्रा, फुलकुमारी, रूपा राठिया, मेघा साहू, सुमन कुमारी, गायत्री, धरमवती और अनीता दुबे ने बताया कि शुरुआत में विशाल मशीनों और खदान के माहौल को देखकर घबराहट हुई, लेकिन प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और अब वे पूरे विश्वास के साथ मशीन संचालन सीख रही हैं।

गेवरा क्षेत्र की एचआर मैनेजर लकिता ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर कहा कि एसईसीएल की यह अपनी तरह की पहली पहल है। इसका उद्देश्य महिलाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का अवसर प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ खनन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।