राज ज्वेलर्स लूटकांड का मास्टरमाइंड विष्णु राठिया कर्नाटक बॉर्डर से गिरफ्तार, महिला का भेष बनाकर दिया था वारदात को अंजाम

कोरबा। जिले के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स लूटकांड में कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लूटकांड के मुख्य सरगना विष्णु राठिया को कर्नाटक बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात के बाद से फरार चल रहा आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए कर्नाटक के हिंदूपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में मजदूर बनकर रह रहा था, लेकिन पुलिस की विशेष टीम ने उसे धर दबोचा।

पुलिस के अनुसार, छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में लूट के प्रयास के दौरान विष्णु राठिया ने महिला का भेष धारण कर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने अपने साथियों के साथ कट्टा अड़ाकर और मिर्च पाउडर फेंककर दुकान में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। घटना के बाद वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।

मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर कोरबा पुलिस की विशेष टीम तत्काल कर्नाटक रवाना हुई। योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को कर्नाटक बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया और कड़ी सुरक्षा के बीच कोरबा लाया जा रहा है।

इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी गोपाल सिंह और परदेशी राम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के साथ ही इस चर्चित लूटकांड की गुत्थी पूरी तरह सुलझ गई है।

इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (आईपीएस) के निर्देशन में किया गया। रणनीति का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने किया, जबकि कटघोरा थाना प्रभारी एम.बी. पटेल और उनकी विशेष टीम ने मैदानी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद व्यापारियों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है। कोरबा पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।