घटना के बाद चालक गिरफ्तार, बस जब्त; स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर उठे सवाल
कोरबा। कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र में नशे की हालत में स्कूल बस चला रहे चालक ने एक बुजुर्ग राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली है तथा उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल बस चालक बच्चों को घर छोड़ने के बाद बस लेकर स्कूल लौट रहा था। इसी दौरान मानिकपुर क्षेत्र में उसने एक बुजुर्ग राहगीर को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक नशे की हालत में बस चला रहा था और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ।

टक्कर के बाद चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के दौरान चालक ने नशे में होने की बात स्वीकार की। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
लोगों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्कूल बस जैसे संवेदनशील वाहन का संचालन करने वाले चालकों की नियमित मेडिकल जांच और निगरानी अनिवार्य की जानी चाहिए, ताकि बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

