कोरबा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रतीक जैन ने जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के जटगा, पसान, अमलीकुंडा, बिनझरा, कापूबहरा, सिंघिया, कोरबी एवं तुमान ग्राम पंचायतों का व्यापक दौरा कर विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत संचालित निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने अमलीकुंडा में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी एवं स्कूल भवन का निरीक्षण कर कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बिनझरा में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत स्थापित बायोगैस संयंत्र का अवलोकन कर हितग्राहियों से चर्चा की तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (एसएलडब्ल्यूएम) के तहत निर्मित कचरा संग्रहण शेड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से कचरा प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए एसएलडब्ल्यूएम नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कापूबहरा में रीपा का निरीक्षण कर वहां कार्यरत स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया तथा वृक्षारोपण के लिए चिन्हित स्थल का अवलोकन किया।
कोरबी और सिंघिया में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन एवं सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण करते हुए दुकानदारों को चार प्रकार के डस्टबिन रखने और स्वच्छता नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को शीघ्र निर्माण पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
सीईओ ने तुमान में अटल डिजिटल सेवा केंद्र और निर्माणाधीन स्कूल भवन का निरीक्षण किया, जबकि जटगा एवं पसान में आंगनबाड़ी, स्कूल भवन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों के हितग्राहियों से चर्चा कर निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ करने तथा संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
प्रतीक जैन ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए अधिकारियों को नियमित मैदानी भ्रमण, सतत निगरानी और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करनी होगी।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा के सीईओ भूपेंद्र सोनवानी, एसडीओ, सब इंजीनियर, तकनीकी सहायक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

