पहली ही तेज बारिश में बह गई पीएमजीएसवाई की अप्रोच पुलिया, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

पनगवां गांव का सड़क संपर्क टूटा, ग्रामीणों ने तकनीकी जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की

कोरबा। कोरबा जिले के विकासखंड पसान अंतर्गत ग्राम पंचायत पनगवां का मुख्य सड़क से संपर्क मूसलाधार बारिश के बाद पूरी तरह टूट गया है। ग्राम सरमा से पनगवां को जोड़ने वाले मार्ग पर बकाई नाला स्थित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की अप्रोच पुलिया तेज बहाव में बह गई, जिससे पूरा गांव आवागमन से कट गया है। इस घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार संबंधित पुलिया का निर्माण करीब डेढ़ वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत किया गया था। पहली ही तेज बारिश में पुलिया का बह जाना निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की अनदेखी की आशंका को जन्म देता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण मानकों का सही तरीके से पालन किया गया होता, तो पुलिया इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त नहीं होती।

सड़क संपर्क टूटने से पनगवां गांव के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों, गर्भवती महिलाओं, स्कूली बच्चों और आवश्यक कार्यों के लिए लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। आने वाले दिनों में हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र लंबे समय तक डूबान में रहने की संभावना है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि संपर्क मार्ग बाधित रहने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन की आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है। समय पर खाद्यान्न नहीं पहुंचने की स्थिति में ग्रामीणों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों से तत्काल वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करने, क्षतिग्रस्त पुलिया का उच्च गुणवत्ता के साथ पुनर्निर्माण कराने तथा निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कर दोषी अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।