सीएजी के निदेशक ने किया एसईसीएल गेवरा मेगा प्रोजेक्ट का निरीक्षण

खनन, वित्तीय प्रबंधन और कॉर्पोरेट गवर्नेंस की समीक्षा, अधिकारियों के साथ की विस्तृत चर्चा

कोरबा। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) के निदेशक (कोयला) एवं भारतीय लेखा एवं लेखा परीक्षा सेवा (आईएएंडएएस) के अधिकारी आदर्श अग्रवाल ने शुक्रवार को दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के गेवरा मेगा प्रोजेक्ट का दौरा कर खनन कार्यों, उत्पादन प्रणाली, वित्तीय प्रबंधन और कॉर्पोरेट गवर्नेंस से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।

दौरे के दौरान एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें देश की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शामिल गेवरा मेगा प्रोजेक्ट की खनन गतिविधियों, कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच व्यवस्था, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा परिचालन दक्षता बढ़ाने और सतत विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान आदर्श अग्रवाल ने परियोजना क्षेत्र का भ्रमण कर खनन कार्यों, उत्पादन प्रक्रियाओं और संचालन प्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने परियोजना के विभिन्न परिचालन पहलुओं की जानकारी लेते हुए कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित एसईसीएल मुख्यालय में निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन के साथ बैठक की।

बैठक में एसईसीएल के परिचालन प्रदर्शन, वित्तीय प्रबंधन प्रणाली, आंतरिक नियंत्रण व्यवस्था तथा कॉर्पोरेट गवर्नेंस से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

एसईसीएल प्रबंधन के अनुसार यह दौरा कंपनी की कार्यप्रणाली, संस्थागत व्यवस्था और प्रशासनिक प्रणाली के मूल्यांकन के साथ-साथ परिचालन एवं वित्तीय प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण अवसर रहा।