बांगो बांध से छोड़ा जा सकता है पानी, हसदेव किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की सलाह

सिंचाई विभाग ने संपत्ति सुरक्षित स्थान पर हटाने की अपील की, जिले में अब तक 315 मिमी वर्षा दर्ज

कोरबा। वर्षाकाल के दौरान मिनीमाता बांगो बांध (माचाडोली) से आवश्यकता पड़ने पर हसदेव नदी में पानी छोड़े जाने की संभावना को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और संस्थानों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग ने बाढ़ संभावित क्षेत्र में स्थापित चल-अचल संपत्तियों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर हटाने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि बाढ़ से होने वाले नुकसान के लिए विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।

कार्यपालन अभियंता, मिनीमाता हसदेव बांगो बांध संभाग क्रमांक-03 ने जारी सूचना में कहा है कि हसदेव नदी के बाढ़ क्षेत्र में रहने वाले नागरिक, खनिज खदान संचालक, औद्योगिक इकाइयां तथा अन्य संस्थान अपनी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए अग्रिम व्यवस्था कर लें। आवश्यकता पड़ने पर बांध से पानी छोड़ा जाएगा, जिससे नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है।

विभाग के अनुसार बांगो, चर्रा, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोड़ा, हथमार, झोरा और सिरकीकला सहित हसदेव नदी किनारे बसे कई गांव प्रभावित हो सकते हैं।

जिले में अब तक 315.1 मिमी वर्षा
एक जून से 17 जुलाई 2026 तक कोरबा जिले में औसतन 315.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार दर्री में सर्वाधिक 387.2 मिमी, दीपका में 382.5 मिमी, पाली में 369.8 मिमी, कटघोरा में 361 मिमी, कोरबा में 349.5 मिमी, पोड़ी-उपरोड़ा में 339.2 मिमी, बरपाली में 304 मिमी, हरदीबाजार में 291.4 मिमी, भैंसमा में 283.7 मिमी, अजगरबहार में 248.3 मिमी, पसान में 239.3 मिमी तथा करतला में 225.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।