सेवा सेतु से आसान हुई शासकीय सेवाएं,रोशन को समय पर मिला आय प्रमाण पत्र

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आम नागरिकों को सरल, सुगम और समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई सेवा सेतु पहल लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। इस व्यवस्था के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से नागरिकों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है।

कोरबा जिले के ग्राम कुदुरमाल निवासी रोशन कुमार टंडन को शासकीय कार्यों के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सेवा सेतु केंद्र में आवेदन प्रस्तुत किया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनके आवेदन का त्वरित परीक्षण कर समयबद्ध तरीके से आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।

रोशन कुमार टंडन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित रही। उन्हें किसी अन्य कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़े और कम समय में ही आवश्यक दस्तावेज प्राप्त हो गया। उन्होंने कहा कि पहले एक प्रमाण पत्र के लिए अलग-अलग कार्यालयों में जाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों अधिक लगते थे, लेकिन अब सेवा सेतु के माध्यम से एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से नागरिकों को बड़ी सुविधा मिल रही है।

उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु शासकीय सेवाओं को आमजन तक त्वरित, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल है।