अभ्युदय योजना से बदली मानकी की जिंदगी, बनीं आत्मनिर्भर

कोरबा। अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम अजय) जिले के जरूरतमंद परिवारों के लिए आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बन रही है। इस योजना का लाभ लेकर ग्राम भुलसीडीह, तहसील भैंसमा निवासी श्रीमती मानकी पाटले ने अपने जीवन को नई दिशा दी है और आज वे आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।

सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण परिवार का भरण- पोषण करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। इसी दौरान जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति, कोरबा द्वारा संचालित अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया।

आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद महाराष्ट्र स्टेट बैंक के माध्यम से उन्हें एक लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। इसमें 50 हजार रुपये अनुदान तथा 20 हजार रुपये मार्जिन मनी सहायता जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति की ओर से प्रदान की गई।

प्राप्त आर्थिक सहायता से मानकी पाटले ने अपने व्यवसाय का विस्तार किया। आज उनका कारोबार बेहतर तरीके से संचालित हो रहा है, जिससे परिवार की आय में लगातार वृद्धि हुई है। वे नियमित रूप से बैंक की ऋण किस्तों का भुगतान भी कर रही हैं, जो उनकी आर्थिक अनुशासन और सफलता का परिचायक है।

मानकी पाटले का कहना है कि यदि उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलता, तो व्यवसाय को आगे बढ़ाना संभव नहीं था। अब वे न केवल अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा कर रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी हैं। जिला प्रशासन ने इसे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता का उदाहरण बताया है।