बीबीए परीक्षा में मॉडर्न कॉलेज का शानदार प्रदर्शन

कोरबा। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा घोषित बीबीए अंतिम वर्ष (सत्र 2025-26) के परीक्षा परिणाम में मॉडर्न कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, कोरबा के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शानदार सफलता हासिल की है। महाविद्यालय के सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जिससे कॉलेज में उत्साह का माहौल है।

परीक्षा परिणाम में इशिका अग्रवाल ने 73.74 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। दिशा छाबड़ा ने 73.07 प्रतिशत के साथ द्वितीय, हर्षिता वाटवानी ने 72.35 प्रतिशत के साथ तृतीय, समृद्धि शर्मा ने 67.28 प्रतिशत के साथ चतुर्थ तथा सताक्षी पासवान ने 64.05 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पंचम स्थान हासिल किया।

सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हाशिम सईद, मैनेजमेंट एवं कॉमर्स विभाग की प्राध्यापिकाओं मंजु मानिकपुरी, उषा यादव, मानसी वाधवानी, प्राध्यापक एस. मुखर्जी, सद्दाम हुसैन तथा महाविद्यालय प्रबंधन को दिया। विद्यार्थियों ने कहा कि नियमित अध्ययन, समयबद्ध पाठ्यक्रम और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन से यह सफलता संभव हो सकी।

विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. हाशिम सईद एवं महाविद्यालय के उपाध्यक्ष फरहत अहमद ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है, जिसने महाविद्यालय के साथ-साथ कोरबा जिले का भी गौरव बढ़ाया है।