बीकन विद्यालय ने मनाया 42वां स्थापना दिवस

कोरबा। एसईसीएल कोरबा स्थित बीकन विद्यालय का 42वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष शशि दुहान की प्रेरणा से किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में सृष्टि महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती अनीता गुप्ता उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में श्रीमती अनीता गुप्ता ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए विद्यालय के पांच आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की एक वर्ष की शिक्षण शुल्क की जिम्मेदारी ली तथा विद्यालय को खेल सामग्री भी भेंट की।

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन और अनुशासित जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

विद्यालय के प्राचार्य एम. बी. गाटलिब ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें वृक्ष की तरह दूसरों के हित में कार्य करने की भावना विकसित करनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा के साथ संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका श्रीमती कल्पना मिश्रा ने किया, जबकि श्रीमती नीना हिंडारिया ने आभार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर महिला मंडल की सदस्य अर्चना झा,ममता बेहरा,रश्मिता पाढ़ी,विमला जायसवाल,रिंकी छाबड़ा,रिंकू चौधरी,अवंतिका कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक- शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक एवं प्रेरक गतिविधियों ने स्थापना दिवस समारोह को यादगार बना दिया।