धारदार हथियार के साथ दहशत फैला रहे दो युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

कोरबा। शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और आम नागरिकों में भय का माहौल बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

कोतवाली थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूम रहे आरोपियों के कब्जे से एक अवैध धारदार हथियार ‘बंडा’ (कत्ता) बरामद किया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कोतवाली थाना क्षेत्र में आसिफ कुरैशी और विशाल कंवर नामक दो युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर खुलेआम घूम रहे हैं और राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक धारदार बंडा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार आरोपी हथियार के बल पर लोगों में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे थे। दोनों के विरुद्ध थाना कोतवाली में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने हथियार कहां से प्राप्त किया और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि कोरबा पुलिस शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने अथवा आम नागरिकों को भयभीत करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ दिखाई दे या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करे तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।