मासूम की मौत के बाद हरकत में आया प्रशासन, आवारा कुत्तों के खिलाफ चला अभियान, परिजनों को ₹1 लाख की सहायता

20 आवारा कुत्ते पकड़े गए, नियंत्रण अभियान तेज

कोरबा।ग्राम दादर में आवारा कुत्तों के हमले में 5 वर्षीय मासूम प्रकाश पटेल की दर्दनाक मौत के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है।                                   

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे ने शुक्रवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मृतक के परिजनों को नगर निगम की ओर से 1 लाख रुपये की तात्कालिक सहायता राशि देने की घोषणा की गई।

आयुक्त आशुतोष पांडे ने स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी लेने के बाद क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू कराया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगम गंभीरता से कार्य करेगा।

20 आवारा कुत्ते पकड़े, बधियाकरण के लिए भेजे गए
नगर निगम की टीम ने दादर एवं आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाकर करीब 20 आवारा कुत्तों को पकड़ा। सभी को बधियाकरण एवं आवश्यक उपचार के लिए निगम के सेंटर भेजा गया है। आयुक्त ने बताया कि नगर निगम लगातार आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए अभियान चला रहा है और अब तक एक हजार से अधिक कुत्तों का बधियाकरण किया जा चुका है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मजदूरी कर रहे पिता से मिलने गया था मासूम
उल्लेखनीय है कि 5 वर्षीय प्रकाश पटेल अपने पिता किशोर पटेल से मिलने दादर पहुंचा था, जहां वे मजदूरी कर रहे थे। पिता से मिलने के बाद घर लौटते समय आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लोगों में आक्रोश, निगम ने दिया भरोसा
घटना के बाद दादर क्षेत्र के लोगों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर भारी नाराजगी है। नगर निगम प्रशासन ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि आवारा कुत्तों की धरपकड़, बधियाकरण और नियंत्रण के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाएं दोबारा न हों।