जाम में फंसी एम्बुलेंस समेत सैकड़ों वाहन, पुलिस ने तीन ट्रेलरों पर काटा 10-10 हजार का चालान
कोरबा। भवानी मंदिर पुल के पास नो-पार्किंग क्षेत्र में तीन ट्रेलरों को खड़ा कर यातायात बाधित करने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। ट्रेलरों के कारण दर्री और कोरबा की ओर आने-जाने वाले वाहन करीब आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे। इस दौरान एक एंबुलेंस सहित कार, जीप और अन्य वाहन भी प्रभावित हुए।
यह कार्रवाई एडीएसपी लखन पटले, एडीएसपी नितीश ठाकुर, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी एवं डीएसपी डी.के. सिंह के निर्देशन में एएसआई मनोज राठौर एवं उनकी टीम ने की।
जानकारी के अनुसार, तीनों ट्रेलरों को भवानी मंदिर पुल पर नो-पार्किंग क्षेत्र में इस तरह खड़ा कर दिया गया था कि दोनों दिशाओं से वाहनों का आवागमन लगभग ठप हो गया। पुल पर जगह नहीं बचने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और एंबुलेंस को भी जाम का सामना करना पड़ा।



सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराया। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले तीनों ट्रेलरों पर 10-10 हजार रुपये का चालान करते हुए कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े न करें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि आम नागरिकों और आपातकालीन सेवाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

