तालाब में नहाने गए ग्रामीण की तैरती मिली लाश

घर से नहाने निकले सम्मल सिंह की मौत, डूबने की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नवापारा में गुरुवार शाम एक 55 वर्षीय ग्रामीण का शव तालाब में तैरता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम नवापारा निवासी सम्मल सिंह (55 वर्ष) गुरुवार शाम घर से तालाब में नहाने जाने की बात कहकर निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उनकी पत्नी ने पुत्र बाल सिंह को तलाश के लिए भेजा।

तलाश के दौरान तालाब में सम्मल सिंह का शव पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना तत्काल ग्राम सरपंच एवं बांगो थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी-उपरोड़ा भेज दिया।

प्रारंभिक तौर पर मामला तालाब में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।