SECL गेवरा परियोजना का SILO-CHP निर्माण कार्य पांच दिन से ठप, जल्द भुगतान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
कोरबा। एसईसीएल गेवरा परियोजना के साइलो (SILO) और सीएचपी (CHP) निर्माण कार्य में कार्यरत बंसल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के करीब 150 ठेका श्रमिकों ने वेतन भुगतान नहीं होने पर बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जून माह का वेतन समय पर नहीं मिलने से नाराज श्रमिक सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक गेवरा के श्रमिक चौक पर धरने पर बैठे रहे और कंपनी प्रबंधन व एसईसीएल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वेतन विवाद के चलते पिछले पांच दिनों से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है।
श्रमिकों ने बताया कि करीब दो माह पहले भी वेतन भुगतान में देरी को लेकर सीजीएम कार्यालय का घेराव किया गया था। उस समय एसईसीएल के एरिया पर्सनल मैनेजर, बंसल इंफ्राटेक प्रबंधन और श्रमिकों के बीच यह सहमति बनी थी कि प्रत्येक माह 7 से 10 तारीख के बीच वेतन का भुगतान किया जाएगा। इसके बावजूद इस माह भी कंपनी ने तय समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं किया।
प्रदर्शनकारी श्रमिकों का आरोप है कि पहले 10 जुलाई को भुगतान का आश्वासन दिया गया, फिर सोमवार से बुधवार तक पैसा मिलने की बात कही गई, लेकिन अब तक वेतन जारी नहीं हुआ। दोबारा पूछने पर अधिकारियों ने कथित तौर पर कहा कि “जब भुगतान होगा, तब काम पर आना।” इस जवाब से श्रमिकों में भारी आक्रोश फैल गया।
श्रमिकों ने कहा कि जुलाई-अगस्त के दौरान स्कूल फीस, खेती, बिजली बिल, गैस और घरेलू खर्च बढ़ जाते हैं। ऐसे समय में वेतन नहीं मिलने से कई परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और दो वक्त की रोटी का इंतजाम करना भी मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने सीजीएम को ज्ञापन सौंपकर तत्काल वेतन भुगतान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि हड़ताल के कारण परियोजना, उत्पादन या शासकीय संपत्ति को होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी बंसल इंफ्राटेक और एसईसीएल प्रबंधन की होगी।
प्रदर्शन की सूचना दीपका थाना, सीआईएसएफ गेवरा कमांडेंट तथा कटघोरा विधायक कार्यालय को भी भेजी गई है, ताकि प्रशासन मामले में हस्तक्षेप कर श्रमिकों की समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करे। श्रमिकों ने स्पष्ट कहा कि “पहले मेहनत की कमाई, फिर काम”।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

