श्री सप्तदेव मंदिर में माँ राणीसती दादी का भव्य संगीतमय मंगलपाठ संपन्न

कोरबा। अमावस्या के पावन अवसर पर श्री सप्तदेव मंदिर में माँ श्री राणीसती दादी का भव्य संगीतमय मंगलपाठ श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। मंदिर परिसर मंगल गीतों, जयकारों और भक्ति रस से सराबोर रहा।

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, मातृशक्ति और धर्मप्रेमी परिवारों ने आयोजन में शामिल होकर माँ राणीसती दादी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंगलवार, 14 जुलाई को शाम 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रीमती लीना अग्रवाल एवं उनकी मंडली ने संगीतमय मंगलपाठ की मनमोहक प्रस्तुति दी। पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा चूड़ा, चुनड़ी और सोलह श्रृंगार से सुसज्जित मंगलपाठी बहनों ने एक स्वर और एक भाव में मंगलपाठ प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

मंगलपाठ के उपरांत भगवान की भव्य महाआरती की गई तथा सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण और श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता आकर्षण का केंद्र रही।

इस अवसर पर श्री सप्तदेव मंदिर की प्रमुख ट्रस्टी श्रीमती प्रेमा अग्रवाल ने आगामी धार्मिक आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया कि 4 सितम्बर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव विशेष आकर्षण के साथ मनाया जाएगा।

इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। साथ ही बच्चों एवं महिलाओं के लिए ‘लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता’ और ‘श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता’ का भी आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 11 सितम्बर 2026 को भादी अमावस्या के अवसर पर माँ श्री राणीसती दादी का भव्य संगीतमय मंगलपाठ एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। मंदिर परिवार ने श्रद्धालुओं से इन आयोजनों में परिवार सहित शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।

कार्यक्रम के समापन पर श्री सप्तदेव मंदिर परिवार ने श्रीमती लीना अग्रवाल एवं उनकी मंडली, सभी मंगलपाठी बहनों तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

मंदिर परिवार ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।