कोरबा। आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्र के अवसर पर जिले के देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में मां आदिशक्ति की विशेष पूजा-अर्चना एवं साधना का क्रम जारी है। श्रद्धालु नौ दिनों तक व्रत, जप, हवन और दुर्गा सप्तशती का पाठ कर मां भगवती से सुख-समृद्धि, आरोग्य और मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद मांग रहे हैं।
भागवताचार्य पंडित दशरथ नंदन द्विवेदी ने बताया कि गुप्त नवरात्र का विशेष महत्व शक्ति उपासना, तंत्र साधना और आध्यात्मिक अनुष्ठानों के लिए माना जाता है। इस दौरान श्रद्धा और विधि-विधान से की गई साधना शीघ्र फलदायी मानी जाती है तथा साधकों को देवी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
गुप्त नवरात्र के अवसर पर विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, दुर्गा सप्तशती का पाठ, हवन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे नौ दिनों तक उपवास रखकर मां दुर्गा की आराधना में लीन हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आषाढ़ की गुप्त नवरात्र तंत्र और शक्ति साधना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। वहीं सामान्य श्रद्धालु भी इस अवधि में मां भगवती की उपासना कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और जीवन में मंगल की कामना करते हैं। पूरे जिले में गुप्त नवरात्र के चलते भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

