मानसून में लगाए जा रहे विभिन्न प्रजातियों के पौधे, संरक्षण और देखभाल पर भी विशेष जोर
कोरबा। पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण में वृद्धि के उद्देश्य से वन परिक्षेत्र कोरबा के अंतर्गत बताती क्षेत्र में मानसून सीजन के दौरान व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग द्वारा चिन्हित स्थलों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की जैव विविधता को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यावरण संतुलन भी मजबूत होगा।
वन परिक्षेत्र अधिकारी मृत्युंजय शर्मा के मार्गदर्शन में वनरक्षक, विभागीय कर्मचारी और श्रमिक पूरी सक्रियता के साथ पौधारोपण कार्य में जुटे हुए हैं। अभियान के तहत स्थानीय जलवायु के अनुकूल फलदार, छायादार एवं अन्य उपयोगी प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि भविष्य में क्षेत्र का हरित आवरण सुदृढ़ हो और वन्यजीवों के लिए भी अनुकूल वातावरण तैयार हो सके।
वन विभाग के अनुसार वर्षाकाल पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है। इसी कारण पूर्व निर्धारित स्थलों पर चरणबद्ध तरीके से पौधे लगाए जा रहे हैं। साथ ही पौधों की नियमित निगरानी, सुरक्षा और देखभाल की भी व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक पौधे सुरक्षित रहकर विकसित हो सकें।
रेंज ऑफिसर मृत्युंजय शर्मा ने बताया कि विभाग का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन को भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाले वर्षों में हरियाली बढ़ाने, भू-क्षरण रोकने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

