कोरबा। समय पर खाद-बीज और कृषि आदानों की उपलब्धता से जिले के किसान खरीफ सीजन की खेती में पूरे उत्साह के साथ जुटे हुए हैं। समय पर मानसून आने और सहकारी समितियों से आवश्यक उर्वरकों की सहज उपलब्धता ने किसानों का आत्मविश्वास बढ़ाया है। ट्रैक्टरों से खेतों की जोताई और धान की रोपाई का कार्य तेजी से जारी है।
कोरबा जिले के ग्राम सकदुकला निवासी किसान कँवल सिंह इन दिनों अपनी तीन एकड़ कृषि भूमि में भतीजे के साथ धान की रोपाई कर रहे हैं। उनका कहना है कि खेती उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन है और समय पर कृषि संसाधन मिलने से इस वर्ष खेती का कार्य बिना किसी परेशानी के आगे बढ़ रहा है।
कँवल सिंह ने बताया कि उन्हें भैंसमा सहकारी समिति से डीएपी, यूरिया, सुपर फॉस्फेट सहित अन्य आवश्यक उर्वरक समय पर उपलब्ध हो गए। इससे खेतों की तैयारी और रोपाई का कार्य निर्धारित समय पर पूरा किया जा सका। उनका मानना है कि समय पर खाद-बीज की उपलब्धता अच्छी फसल के लिए सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि किसानों को धान का समर्थन मूल्य, अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान तथा सहकारी समितियों के माध्यम से खाद-बीज की आसान उपलब्धता जैसी व्यवस्थाओं से काफी राहत मिली है।
उन्हें उम्मीद है कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों और समय पर मिलने वाली सुविधाओं से खेती और अधिक लाभकारी बनेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

