कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत दादर इलाके में गुरुवार शाम आवारा कुत्तों के झुंड के हमले में 5 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर तत्काल नियंत्रण की मांग की है।
मृतक की पहचान प्रकाश पटेल (5 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पहली कक्षा का छात्र था और अपने पिता किशोर पटेल के साथ दादर क्षेत्र में रहकर मजदूरी करने वाले परिवार का सदस्य था। परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का निवासी है।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4 बजे प्रकाश अपने पिता से मिलने उस स्थान पर पहुंचा, जहां वे मजदूरी कर रहे थे। कुछ देर बाद वह अकेले घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को जमीन पर गिराकर बुरी तरह नोच डाला।
बेटे की चीख सुनकर पिता मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर गंभीर रूप से घायल बच्चे को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे के सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर घाव पाए गए।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची और अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी।
इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि दादर और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले भी कई राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों पर हमले की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों और परिजनों ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम से आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनकी संख्या नियंत्रित करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान इस तरह न जाए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

