बालकोनगर में जय जगन्नाथ के जयघोष के साथ निकली भव्य रथयात्रा,श्रद्धा और उत्साह से उमड़े श्रद्धालु

कोरबा-बालकोनगर।भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर बालकोनगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। उत्कल भारती समिति के तत्वावधान में आयोजित रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बालको के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी (धातु) निकेत श्रीवास्तव, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों एवं नगरवासियों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजन में सहभागिता निभाई।

विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान श्री जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर भव्य रथयात्रा का शुभारंभ किया गया।

निकेत श्रीवास्तव ने भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद श्रद्धालुओं के साथ स्वयं रथ खींचकर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया।

रथयात्रा के दौरान “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष से पूरा बालकोनगर गूंज उठा। आगे चल रहे कर्मा नृत्य दल की मनमोहक प्रस्तुति,पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुन,भक्ति संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

राम मंदिर से प्रारंभ हुई रथयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान स्थित श्री गुंडिचा मंदिर पहुंची, जहां भगवान श्री जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र की विधिवत स्थापना कर विशेष पूजा-अर्चना की गई।

आयोजन समिति के अनुसार 16 से 24 जुलाई तक श्री गुंडिचा मंदिर में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, महाप्रसाद वितरण एवं विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि बालकोनगर में भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन पिछले 45 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है।यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकता का भी प्रतीक बन चुका है।