शीशा फैक्ट्री कर्मी की संदिग्ध मौत से सनसनी, खुद को पत्नी बताने वाली महिला हुई लापता

जहर सेवन की आशंका, मोबाइल और दस्तावेज गायब; परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की

कोरबा। कटघोरा क्षेत्र में एक शीशा फैक्ट्री में कार्यरत युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जहर सेवन की आशंका में अस्पताल लाए गए युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद खुद को मृतक की पत्नी बताने वाली महिला के अचानक लापता हो जाने और मृतक का मोबाइल व अन्य दस्तावेज नहीं मिलने से मामला रहस्यमय हो गया है।

पुलिस के अनुसार प्रयागराज निवासी अभिषेक कुमार गौड़ (22 वर्ष) पिछले लगभग दो वर्षों से बिलासपुर स्थित एक शीशा फैक्ट्री में मजदूरी करता था। मंगलवार दोपहर उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलने पर एक महिला अस्पताल पहुंची और स्वयं को अभिषेक की पत्नी बताते हुए उनके दो बच्चों के होने की जानकारी दी। पुलिस ने उससे प्रारंभिक पूछताछ की, लेकिन कुछ ही देर बाद वह अस्पताल से चली गई और फिर वापस नहीं लौटी। महिला के अचानक गायब हो जाने से मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस ने मृतक की जेब से मिले एक कागज पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर प्रयागराज में रहने वाले उसके पिता नीरज कुमार गौड़ को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन कटघोरा पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अभिषेक ने विवाह होने की जानकारी दी थी, लेकिन परिवार को उसकी पत्नी और पारिवारिक जीवन के बारे में अधिक जानकारी नहीं थी।

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पास से केवल 401 रुपये नकद और कुछ कागजात मिले। उसका मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।