आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में धार्मिक उत्सव की शुरुआत

गुंडिचा यात्रा, प्रथम पूजन और रथयात्रा के साथ पांच दिवसीय आयोजन का शुभारंभ

कोरबा। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित श्री मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा का आयोजन 16 जुलाई से प्रारंभ होगा। मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

समिति के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार सुबह 10 बजे गुंडिचा यात्रा एवं प्रथम पूजन के साथ होगा। इसके बाद शाम 4 बजे भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा मंदिर परिसर से निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

रथयात्रा महोत्सव के तहत 20 जुलाई को हेरा पंचमी पूजा, 24 जुलाई को बहुड़ा (वापसी) रथयात्रा तथा 25 जुलाई को सुना वेश पूजा का आयोजन भी श्री मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में किया जाएगा।

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर भगवान श्री जगन्नाथ का दर्शन, आशीर्वाद एवं प्रसाद ग्रहण करने तथा धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।