वाहन चोर गिरोह पर उरगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई,सरगना साहिल बागले गिरफ्तार

चोरी की टाटा मैजिक और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद, गिरोह के अन्य सदस्यों से पूछताछ जारी

कोरबा। वाहन चोरी के मामलों में लगातार कार्रवाई करते हुए उरगा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वाहन चोर गिरोह के सरगना साहिल कुमार बागले को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक टाटा मैजिक बरामद की है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में पहले ही ग्राम नोनबिर्रा निवासी करण भारद्वाज को गिरफ्तार कर एक चोरी की टाटा मैजिक बरामद की जा चुकी थी। पूछताछ के दौरान करण ने अपने साथी साहिल कुमार बागले की संलिप्तता का खुलासा किया था, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

15 जुलाई को मुखबिर से मिली सूचना पर उरगा पुलिस ने घेराबंदी कर साहिल कुमार बागले को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने करण भारद्वाज के साथ मिलकर कई वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने एक अन्य टाटा मैजिक चोरी करने की बात भी कबूल की।

जांच में बरामद टाटा मैजिक थाना कोतवाली कोरबा में दर्ज अपराध क्रमांक 820/2025 के वाहन चोरी प्रकरण की निकली। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और मामले में थाना कोतवाली द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के अन्य वाहनों और वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ जारी है।

प्रारंभिक जांच में आरोपी का सीएसईबी-मानिकपुर चौकी क्षेत्र में भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

उरगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरी करने वाले गिरोहों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।